Header logo

Tuesday, April 7, 2020

अब तक 4700 से ज्यादा मामले; त्रिपुरा में पहला मरीज मिला, देश के 27 राज्यों और 5 केंद्र शासित प्रदेशों में पहुंचा संक्रमण https://ift.tt/3aNG2Sd

देश में कोरोना संक्रमण के नए मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अब तक 4 हजार 778 मामले सामने आ चुके हैं। सोमवार को त्रिपुरा में पहला मरीज मिला। इसके साथ ही 27 राज्य और पांच केंद्र शासित प्रदेशों में कोरोना का संक्रमण फैल चुका है। बीमारी से अब तक 135 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 361 मरीज बीमारी से उबर चुके हैं। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट के मुताबिक हैं। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, सोमवार शाम 6 बजे तक देश में कुल 4 हजार 281 मामले सामने आए, जिनमें से 318 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। बीमारी से 111 लोगों की मौत हुई। 3 हजार 851 संक्रमितों का इलाज जारी है।

महाराष्ट्र में हालात सबसे ज्यादा बिगड़े हुए हैं। यहां एक ही दिन में 120 नए मामले सामने आने के साथ ही कुल केस 868 तक पहुंच गए हैं। वहीं, 621 केस के साथ तमिलनाडु दूसरे नंबर पर है। देश की राजधानी दिल्ल में भी 525 केस मिल चुके हैं। इस बीच, स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि भारत में कोरोना संक्रमण के फैलने की स्थिति स्टेज-2 और स्टेज-3 के बीच है। देश के कुछ इलाकों में बड़ी तादाद में संक्रमित मिलने के बाद एम्स के डायरेक्टर डॉ. रणदीप गुलेरिया ने कोरोना के कम्युनिटी ट्रांसमिशन की आशंका जताते हुए संक्रमण के तीसरी स्टेज में पहुंचने की आशंका जताई थी।

स्वास्थ्य विभाग ने कहा- युवा सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, देश में तब्लीगी जमात से जुड़े 1 हजार 445 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। वहीं, देश में मिले कुल मरीजों में 76% मरीज पुरुष और 24% महिलाएं हैं। मंत्रालय ने कहा कि युवाओं को भी सचेत रहने की जरूरत है। वे सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें, क्योंकि 47% मरीज 40 साल से कम उम्र के, 34% मरीज 40 से 60 साल के बीच के हैं। वहीं, 19% मरीज 60 साल से ज्यादा उम्र के हैं। इस बीच, केंद्रीय सचिव ने सभी डीएम, एसपी और अधिकारियों से बात की। वहीं गृह मंत्रालय ने मेडिकल ऑक्सीजन के उत्पादन और आपूर्ति के लिए सभी राज्यों को पत्र लिखा है।

आईसीएमआर को 2 दिन में 7 लाख रैपिड एंटीबॉडी टेस्टिंग किट मिलेंगी
कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) को 8 अप्रैल तक विदेश से 7 लाख रैपिड एंटीबॉडी टेस्टिंग किट मिल जाएंगी। इनसे उन क्षेत्रों में कोरोना जांच में मदद मिलेगी, जहां संक्रमण के ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। उम्मीद है कि पहले फेज में 5 लाख किट आएंगी। इस किट के जरिए खून की एक बूंद से 5 से 10 मिनट के अंदर कोराना टेस्ट किया जा सकता है।

एम्स के डॉक्टरों ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखा
एम्स के डॉक्टरों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। इसमें पीपीई, मास्क और अन्य संसाधनों की कमी का जिक्र किया गया है। उनका कहना है कि कई डॉक्टर, नर्स और फ्रंटलाइन हेल्थ वर्कर्स सोशल मीडिया पर अपनी समस्याएं रख रहे हैं। इनका निराकरण करने की बजाय अफसर उन्हें परेशान कर रहे हैं। ऐसी स्थिति में सरकार का यह दायित्व बनता है कि वह कोरोना से लड़ रहे इन सैनिकों की समस्याओं पर ध्यान दे।

देश के 10 राज्य और 1 केंद्र शासित प्रदेश का हाल
मध्यप्रदेश; कुल संक्रमित- 256: मध्य प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 256 हो गई। इंदौर में सबसे ज्यादा 151 और भोपाल में 61 केस मिले। जिन इलाकों से संक्रमित मिले, उन्हे सील कर दिया गया है। इंदौर में ऐसे 35 और भोपाल में इस तरह के 40 इलाकों को सील कर कंटोनमेंट एरिया घोषित किया गया है। इंदौर-भोपाल के अलावा मुरैना में 12, जबलपुर में 8, उज्जैन में 8, खरगोन में 4, बड़वानी में 3, ग्वालियर, शिवपुरी और छिंदवाड़ा में 2-2, बैतूल, विदिशा में 1-1 मामला आया है। एक मरीज उत्तर प्रदेश का है। राज्य में सोमवार को मध्य प्रदेश में सोमवार को 5 कोरोना संक्रमितों की मौत हुई। इंदौर में चार कोरोना संक्रमितों ने दम तोड़ा, तो भोपाल में एक की मौत हुई। इंदौर में आज जिन चार लोगों की जान गई उनमें 54 साल के पुरुष को हाइपरटेंशन और अस्थमा भी था। 50 साल के एक पुरुष को डायबटीज भी था। वहीं, 56 साल की एक अन्य पुरुष को भी डायबटीज था। इन तीन के अलावा कोरोना संक्रमित 60 साल की एक महिला ने भी दम तोड़ा। उसे भी डायबटीज था।
महाराष्ट्र; कुल संक्रमित- 868: राज्य में सोमवार को पिंपरी चिंचवड़ में 19, मुंबई में 11 और अहमदनगर, सातारा, वसई में 1-1 रिपोर्ट पॉजिटिव आई। मुंबई के वॉकहार्ट हॉस्पिटल में स्टाफ की 26 नर्सों और 3 डॉक्टरों की कोरोनावायरस रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इस अस्पताल को निषेध क्षेत्र (क्वारैंटाइन एरिया) घोषित कर दिया है। इस अस्पताल में किसी नए मरीज की भर्ती करने पर रोक रहेगी।
राजस्थान; कुल संक्रमित- 301: राज्य के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक सोमवार को झुंझुनूं में 5, डूंगरपुर में 2, कोटा में 1 मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। झुंझुनूं और कोटा में मिले 6 मरीज दिल्ली की तब्लीगी जमात से लौटे थे। रविवार को राज्य में कोरोना संक्रमण के 6 नए मामले सामने आए थे।
दिल्ली; कुल संक्रमित- 525: दिल्ली सरकार ने कहा कि राजधानी में अब तक 525 संक्रमित मिल चुके हैं, जिनमें से 329 तब्लीगी जमात से संबंधित हैं। अब तक 7 लोगों की मौत हो चुकी है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि राजधानी में 2 हजार बिस्तरों वाले लोकनायक हॉस्पिटल और 450 बिस्तरों वाले राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में अब कोरोनावायरस के मरीजों का ही इलाज किया जाएगा। केजरीवाल ने कहा- मरकज की वजह से केस तेजी से बढ़े। हमने टेस्टिंग बढ़ा दी है और अब तेजी से टेस्ट हो रहे हैं। हमने एक लाख टेस्टिंग किट्स के ऑर्डर दे दिए हैं। शुक्रवार के बाद हम बड़े लेवल पर टेस्टिंग कर सकते हैं। हम किसी को भूखा नहीं रहने देंगे। कई गरीब लोग ऐसे हैं, जिनके पास राशन कार्ड नहीं हैं, उन्हें भी कल से राशन दिया जाएगा।
उत्तरप्रदेश; कुल संक्रमित- 305: गायिका कनिका कपूर की छठी रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद उन्हें सोमवार सुबह अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उन्हें 20 मार्च को लखनऊ के संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (एसजीपीजीआई) में भर्ती किया गया था।
बिहार; कुल संक्रमित- 32: सोमवार को बिहार में कोरोनावायरस को लेकर अच्छी खबर आई। 5 और मरीजों ने कोरोना से जंग जीत ली है। इनमें चार सीवान और एक पटना के रहने वाले हैं। सभी को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। राज्य में अब तक कोरोनावायरस से पीड़ित 32 मरीजों की पुष्टि हुई है। नौ मरीज ठीक होकर घर लौट चुके हैं। कोरोना पीड़ितों में सबसे ज्यादा केस मुंगेर का है जहां 7 मरीजों में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। पटना में 5, सीवान में 5, गया में पांच, गोपालगंज के तीन, नालंदा के तीन, सारण-लखीसराय-बेगूसराय के एक-एक मरीज मिला है।
गुजरात; कुल संक्रमित- 146: गुजरात के जामनगर जिले में 14 महीने के बच्चे में संक्रमण की पुष्टि हुई। इस बच्चे की कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं मिली है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी बच्चे में संक्रमण की वजह का पता लगा रहे हैं। बच्चे को वेंटिलेटर पर रखा गया है। उसके माता-पिता मजदूर हैं और दरेद गांव के रहने वाले हैं। अधिकारियों ने उनके गांव को पूरी तरह लॉकडाउन कर दिया है। राज्य में सोमवार को संक्रमण के 16 नए मामले सामने आए। इनमें से अहमदाबाद में 11, वडोदरा में 2 और पाटण, मेहसाणा और सूरत में 1-1 रिपोर्ट पॉजिटिव आई। राज्य के कुल संक्रमितों इनमें से 21 लोगों की इलाज के बाद अस्पताल से छुट्‌टी हो गई है, जबकि 11 लोगों की मौत हो चुकी है।
जम्मू-कश्मीर; कुल संक्रमित- 109: जम्मू-कश्मीर में अब तक संक्रमण के 109 मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, 2 लोगों की जान जा चुकी है। हालांकि राज्य में 4 लोग बीमारी से ठीक भी हुए हैं। प्रशासन यहां लगातार संक्रमण रोकने की मुहिम में जुटा है। कई इलाकों को सैनिटाइज किया जा रहा है और लोगों से संक्रमण के लक्षण नजर आने पर जांच कराने की अपील की गई है।

प्रधानमंत्री ने मंत्रियों से कहा- 10 फैसले और 10 प्राथमिकताओं की लिस्ट बनाएं
प्रधानमंत्री ने सोमवार को केंद्रीय मंत्रियों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए चर्चा की। उन्होंने मंत्रियों से कहा कि लॉकडाउन खत्म होने के बाद 10 फैसलों और 10 प्राथमिकताओं की एक सूची बनाएं। प्रधानमंत्री ने कहा कि आप सभी की ओर से लगातार मिल रही प्रतिक्रियाएं, इस आपदा से निपटने की रणनीति बनाने में प्रभावी रही हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार फसल कटाई के इस सीजन में किसानों की हर संभव मदद करेगी। उन्होंने किसानों को मंडियों से जोड़ने के लिए कैब सर्विस की तर्ज पर ऐप आधारित ट्रक सेवा उपलब्ध कराने का सुझाव भी दिया।

पीएम से लेकर सासंदों तक ने 30% वेतन कटौती की पेशकश की
कोरोना संकट को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, उनके मंत्रिमंडल के सभी मंत्रियों और सभी दलों के सांसदों ने एक साल तक अपने वेतन का 30% हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया है। कैबिनेट ने सोमवार को इस संबंध में एक अध्यादेश जारी किया। इसके साथ ही राष्ट्रपति, उप-राष्ट्रपति और राज्यपालों ने भी अपनी सैलरी में 30% की कटौती करने की पेशकश की है। इससे पहले प्रधानमंत्री ने सोमवार को कोरोना को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कैबिनेट की बैठक की। इसमें सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखा गया। गृहमंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह बैठक के दौरान एक-दूसरे से दूर बैठे नजर आए।



आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
Coronavirus | Mumbai Delhi Coronavirus News | Coronavirus Outbreak India Cases LIVE Updates; Gurugram Indore Pune Jaipur Rajasthan Lucknow Bengaluru Punjab Haryana Novel Corona (COVID-19) Death Toll India Today


from Dainik Bhaskar /national/news/coronavirus-outbreak-india-live-today-news-updates-delhi-kerala-maharashtra-rajasthan-haryana-cases-novel-corona-covid-19-death-toll-127119844.html

No comments:

Post a Comment

What is NHS Medical? A Comprehensive Guide

The National Health Service (NHS) is a cornerstone of the United Kingdom’s healthcare system, providing a wide range of medical services to...